
KPN24:- कोरबा का अग्रसेन भवन आज भावनाओं से भरा हुआ था। छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष स्वर्गीय बनवारी लाल अग्रवाल की पगड़ी रस्म के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और कहा कि “स्वर्गीय बनवारी लाल अग्रवाल का जीवन जनसेवा, सादगी और समर्पण का जीता-जागता उदाहरण था। उनका जाना प्रदेश की राजनीति और समाज, दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।”
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद स्वर्गीय अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा अग्रवाल सहित परिवारजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अग्रवाल जी ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता के सुख-दुख को अपना समझा और सदैव समाज की बेहतरी के लिए तत्पर रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह के बीच एक भावनात्मक सन्नाटा था। हर चेहरे पर उन्हें खोने का दर्द स्पष्ट झलक रहा था। सभी ने एक सुर में कहा कि अग्रवाल जी की सादगी, विनम्रता और सामाजिक संवेदनशीलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, बजरंग लाल अग्रवाल, बिहारी लाल अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने उनके आदर्शों पर चलने और उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।










