
KPN24:- जांजगी-चांपा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना जांजगीर एवं रिस्पॉन्स टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों को गांजा बिक्री के इरादे से पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि खोखसा ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां दो युवक दो मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। पूछताछ में उनका नाम दुर्गेश राठौर उर्फ पिंटू पिता अशोक राठौर उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम गतौरा (थाना मस्तूरी) हाल मुकाम रविदास चौक जांजगीर और सूरज प्रकाश राठौर पिता शीतल प्रसाद राठौर निवासी चित्तरपारा दुर्गा मंदिर के पास जांजगीर के रूप में हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो अवैध गांजा जिसकी अनुमानित कीमत ₹80,000, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए। मामले में थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 971/2025 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र डिक्सेना, थाना स्टाफ एवं रिस्पॉन्स टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री पांडे ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।










