"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

1 नवम्बर को मिलेगा छत्तीसगढ़ को नया विधानसभा भवन , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे लोकार्पण 

KPN24:- छत्तीसगढ़ के इतिहास में 1 नवम्बर का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छत्तीसगढ़ की जनता को नया विधानसभा भवन समर्पित करेंगे। वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद रायपुर के राजकुमार कॉलेज से प्रारंभ हुई विधानसभा की कार्यवाही अब अपने स्थायी और भव्य भवन में स्थानांतरित होगी।

नया विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक है। ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले राज्य की पहचान इस भवन की वास्तुकला में बखूबी झलकती है। सदन की सीलिंग पर धान की बालियों और पत्तियों की नक्काशी की गई है, जो प्रदेश की कृषि प्रधान संस्कृति को दर्शाती है। वहीं भवन के दरवाजे व फर्नीचर बस्तर के पारंपरिक काष्ठ शिल्पियों द्वारा तैयार किए गए हैं, जो परंपरा और कला का सुंदर मेल प्रस्तुत करते हैं।

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्मार्ट विधानसभा
भवन का निर्माण आधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। यह पेपरलेस विधानसभा के रूप में विकसित होगा, जिसमें 200 सदस्यों तक के बैठने की क्षमता होगी। नवीनतम तकनीकी सुविधाओं से लैस यह भवन ‘स्मार्ट विधानसभा’ की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

324 करोड़ की लागत से बना 51 एकड़ में फैला परिसर
कुल 51 एकड़ भूमि में फैले इस भवन का निर्माण 324 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। भवन को तीन विंग—विंग ए, विंग बी और विंग सी—में विभाजित किया गया है। इनमें क्रमशः सचिवालय, सदन व सेंट्रल हॉल, मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय तथा मंत्रियों के कार्यालय शामिल हैं।

हरित तकनीक और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
यह भवन पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल है। इसमें सोलर पैनल, वर्षा जल संचयन के लिए सरोवर और हरित निर्माण तकनीक का उपयोग किया गया है। भवन निर्माण में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के सभी मानकों का पालन किया गया है।

500 सीटर ऑडिटोरियम और 100 सीटर सेंट्रल हॉल
भवन में 500 दर्शक क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और 100 सीटों वाला सेंट्रल हॉल बनाया गया है। इसकी वास्तुकला पारंपरिक शैलियों और आधुनिक तकनीक का उत्कृष्ट संगम प्रस्तुत करती है।

जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक बनेगा नया विधानसभा भवन
छत्तीसगढ़ की संस्कृति और शिल्प की झलक लिए यह नया विधानसभा भवन राज्य के तीन करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं, सपनों और आत्मगौरव का प्रतीक बनेगा। यह भवन न केवल लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र होगा, बल्कि राज्य की पहचान, प्रगति और परंपरा का सजीव प्रतीक भी बनेगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More