
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत चक्का जाम कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले ग्रामीणों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम शनिचराडीह डोरला के कुछ निवासियों ने गांव में हुए कथित अवैध बेजा कब्जे को हटाने की मांग को लेकर बलौदा बजरंग चौक के पास सड़क पर बैठकर चारों ओर से घेरा बनाकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों के इस कदम से आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर बलौदा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया। चक्का जाम कर अवरोध उत्पन्न करने वालों की पहचान की गई, जिनमें ग्राम शनिचराडीह डोरला के 09 नामजद व्यक्तियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना बलौदा में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा शीघ्र ही आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी और आम जनता की सुविधा एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।










