
KPN24 :- छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने आज जांजगीर-चांपा जिले के दौरे के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मध्याह्न भोजन योजना, पूरक पोषण आहार योजना और आदिवासी विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में आयोग की सदस्य श्रीमती ज्योति कश्यप, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला शिकायत निवारण अधिकारी एवं जिला पंचायत के सीईओ गोकुल रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अध्यक्ष श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में प्रत्येक माह निर्धारित समय पर राशन सामग्री का भंडारण और वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी दुकानों में विभागीय कॉल सेंटर नंबर और खाद्यान्न के नमूने प्रदर्शित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि शासकीय विद्यालयों में पात्रता अनुसार मध्याह्न भोजन प्रदाय किया जा रहा है और शिकायतों के समाधान हेतु कॉल सेंटर नंबर भी प्रदर्शित किए गए हैं।
बैठक से पूर्व आयोग की टीम ने नगर पंचायत खरौद स्थित उचित मूल्य दुकानों (आईडी 5410080001 एवं 5410080004) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानें खुली पाई गईं तथा हितग्राहियों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से राशन वितरण किया जा रहा था। हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन मिल रहा है और वे वितरण व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
आयोग ने दुकान संचालकों को रखरखाव, स्टैकिंग एवं एफ.आई.एफ.ओ. प्रणाली का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 09, नगर पंचायत खरौद के निरीक्षण में 14 में से 4 बच्चे उपस्थित पाए गए। अध्यक्ष श्री शर्मा ने केंद्र में साफ-सफाई बनाए रखने और बच्चों को पात्रता अनुसार पूरक पोषण प्रदाय करने के निर्देश दिए।
शासकीय प्राथमिक शाला खरौद के निरीक्षण के दौरान भोजन में दाल की गुणवत्ता उचित नहीं पाई गई और सब्जी में वसा की मात्रा कम मिली। वहीं शासकीय माध्यमिक शाला शुकुलपारा (खरौद) में छात्रों से चर्चा कर भोजन की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए।
आयोग ने शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक एवं कन्या छात्रावास का भी निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रावास अधीक्षक एवं शिक्षिका अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में पुराना चावल रखा पाया गया, जिसके नमूने क्वालिटी इंस्पेक्टर द्वारा परीक्षण हेतु लिए गए।
जिला स्तरीय समीक्षा एवं निरीक्षण के दौरान सदस्य सचिव राजीव जायसवाल, खाद्य अधिकारी कौशल किशोर साहू, सहायक संचालक आदिम जाति कल्याण विभाग अक्षय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती अनिता अग्रवाल तथा जिला प्रबंधक मनोज मिंज उपस्थित रहे।










