"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पीएमएवाई-शहरी डीपीआर प्रस्तावों में देरी पर कलेक्टर की नाराज़गी, CMO को लगाई फटकार

धीमी प्रगति पर बम्हनीडीह CMO के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव शासन को भेजा

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत बीएलसी वर्टिकल में नए आवासों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने में हो रही देरी पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (CMO) को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए हैं कि वे समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री महोबे ने बताया कि राज्य शासन द्वारा भारत सरकार से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप जिले के सभी नगरीय निकायों को नया लक्ष्य आवंटित किया गया है, लेकिन कई निकायों में प्रस्ताव भेजने की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी CMO को तत्काल समीक्षा कर लंबित पात्र लाभार्थियों के आधार पर नई DPR तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय मूल्यांकन एवं मॉनिटरिंग समिति से अनुमोदन के बाद प्रस्तावों को 25 नवंबर 2025 तक हर हाल में राज्य शासन को भेजना अनिवार्य है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का उद्देश्य शहरी गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर देरी या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बम्हनीडीह में अत्यंत धीमी प्रगति – CMO पर गिरी गाज

पीएमएवाई-शहरी के कार्यों में बम्हनीडीह नगरीय निकाय की बेहद धीमी प्रगति को गंभीर मानते हुए कलेक्टर श्री महोबे ने संबंधित CMO के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ समय पर मिलना चाहिए और इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही को सख्ती से लिया जाएगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More