
समितियों की होगी ग्रेडिंग—उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी को सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित करने के उद्देश्य से आज ऑडिटोरियम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापक प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राजस्व, सहकारिता, खाद्य, मार्कफेड, मंडी अधिकारी, समिति प्रबंधक, धान खरीदी प्रभारी तथा ऑपरेटर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण—पंजीयन, सत्यापन, तौल, भंडारण, परिवहन तथा भुगतान—की कड़ी निगरानी की जा रही है। खरीदी से लेकर उठाव तक की सभी गतिविधियों पर निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके।
प्रशिक्षण में तकनीकी समस्याओं का हुआ तत्काल समाधान
प्रशिक्षण के दौरान गेट पास ऐप के उपयोग, फोटो एंट्री, स्टॉक एंट्री, किस्मवार स्टैकिंग, यूएफआर प्रगति, पीसी-एसएपी डेटा प्रविष्टि, रकबा समर्पण, सतर्क ऐप एवं अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रदर्शन किया गया।
विभिन्न खरीदी केन्द्रों से प्राप्त समस्याओं एवं तकनीकी त्रुटियों का तत्काल निराकरण भी किया गया।
यूएफआर पंजीकरण को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
कलेक्टर श्री महोबे ने निर्देश दिए कि यूएफआर में छूटे किसानों का खसरा जोड़ने का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि किसी भी किसान को धान बेचने में बाधा न आए। यूएफआर पंजीकरण हेतु किसानों को बी-1, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लाना होगा।
उन्होंने कहा कि शेष यूएफआर पंजीयन मिशन मोड में पूर्ण किया जाए।
गड़बड़ी रोकने के लिए कलेक्टर के कड़े निर्देश
कलेक्टर ने टीमों को निर्देशित किया कि रकबा समर्पण अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए ताकि अनियमितता की संभावनाएँ कम हों।
मंडी व राजस्व टीम को अवैध धान संग्रहण और परिवहन पर लगातार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रत्येक केंद्र में गेट पास में 100 प्रतिशत एंट्री अनिवार्य की जाएगी।
सतर्क ऐप एवं शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई, संवेदनशील केंद्रों पर नोडल अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व निष्पक्ष रखी जाएगी।
समितियों की होगी ग्रेडिंग—उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को मिलेगा सम्मान
कलेक्टर श्री महोबे ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली समितियों की ग्रेडिंग की जाएगी और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में किसानों हेतु इंटरनेट, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्वच्छ पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध रहें।
कलेक्टर का संदेश—‘खरीदी में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता’
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यही प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर के तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, सभी एसडीएम, खाद्य अधिकारी कौशल साहू तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










