
दशकों की प्रतीक्षा समाप्त—पहली बार मोबाइल नेटवर्क पहुंचा, गांव में उत्सव जैसा माहौल
KPN24:- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुदूर वनांचल क्षेत्रों ने आज विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। बीजापुर जिले के सीमा क्षेत्र स्थित ग्राम कोंडापल्ली में पहली बार मोबाइल नेटवर्क पहुँचने पर ग्रामीणों ने उल्लासपूर्वक स्वागत किया। दशकों से संचार, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे इस गाँव में आज खुशी का माहौल किसी त्योहार से कम नहीं दिखा।
तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमा पर बसे इस क्षेत्र में मोबाइल टॉवर के सक्रिय होते ही पूरा गाँव झूम उठा। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे रैली के रूप में टॉवर स्थल तक पहुँचे और पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ माँदर पर थिरकते हुए खुशी का इज़हार किया। आसपास के गाँवों के लोग भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
ग्रामीणों ने कहा कि यह सिर्फ मोबाइल नेटवर्क नहीं, बल्कि बाहरी दुनिया से उनका पहला वास्तविक जुड़ाव है। कार्यक्रम में सुरक्षा बलों के जवान भी उपस्थित रहे और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाते हुए मिठाइयाँ वितरित कीं।
नियद नेल्ला नार योजना ने बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही नियद नेल्ला नार योजना का उद्देश्य संवेदनशील और दूरस्थ इलाकों में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और प्रशासनिक सेवाएँ पहुँचाना है। योजना के अंतर्गत 69 नवीन कैम्पों के आसपास स्थित 403 गाँवों में 09 विभागों की 18 सामुदायिक और 11 विभागों की 25 व्यक्तिमूलक सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पिछले दो वर्षों में संचार नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 728 नए मोबाइल टॉवर स्थापित किए गए हैं, जिनमें—
116 टॉवर एलडब्ल्यूई कार्यक्रम के तहत
115 आकांक्षी जिलों में
467 टॉवर 4G नेटवर्क के रूप में स्थापित
साथ ही 449 टॉवर 2G से 4G में अपग्रेड किए गए हैं।
कोंडापल्ली में तेजी से हो रहा विकास
दिसंबर 2024 में प्रशासनिक कैम्प स्थापित होने के बाद से नियमित रूप से प्रशासन की पहुँच सुनिश्चित
बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन द्वारा 50 किमी सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर
दो महीने पहले पहली बार बिजली आपूर्ति शुरू, जिससे बच्चों की पढ़ाई और व्यवसाय में सुधार
विभिन्न योजनाओं के लाभ हेतु सैचुरेशन शिविर जारी
अब मोबाइल नेटवर्क आने से बैंकिंग, आधार-राशन, पेंशन, डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और ऑनलाइन सुविधाओं की शुरुआत होने जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान
“बीजापुर जिले के कोंडापल्ली में मोबाइल नेटवर्क का पहुँचना सिर्फ एक टॉवर का खड़ा होना नहीं है, यह उन लोगों के सपनों का उठ खड़ा होना है जो वर्षों से दुनिया से कटे हुए थे। हमारी सरकार का संकल्प है कि बस्तर का हर गांव–हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, डिजिटल सुविधाओं तक पहुँचे और अवसरों के नए द्वार उनके लिए खुलें। यह सिर्फ संचार की शुरुआत नहीं, बल्कि विश्वास, बदलाव और नई संभावनाओं के युग का आरंभ है।”










