
मनीष विद्यार्थी महेश्वर।
KPN24:- मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में इस वर्ष खरगोन जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह सफलता सांदीपनी स्कूल महेश्वर के विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है।
जिला स्तर से चयनित प्रथम विजेता टीम ने मिंटो हॉल, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहले लिखित परीक्षा में उच्च अंक अर्जित कर प्रदेश की चयनित 6 टीमों में स्थान बनाया। इसके बाद आयोजित मल्टीमीडिया राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने 130 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
यह उल्लेखनीय है कि खरगोन जिले ने राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में पहली बार विजय प्राप्त की है, जिससे जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
पर्यटन क्विज के नोडल अधिकारी नीरज अमझरे ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री आकाश सिंह के मार्गदर्शन में जिले की सभी शालाओं को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, भौगोलिक स्थिति, सांस्कृतिक विरासत, वन संपदा एवं राष्ट्रीय उद्यानों से संबंधित विषयों पर विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में सांदीपनी स्कूल महेश्वर की टीम ने कड़ी मेहनत कर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में मल्टीमीडिया के 10 राउंड हुए, जिनमें ऑडियो-वीडियो माध्यम से प्रश्न पूछे गए। सभी राउंड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए खरगोन जिले की टीम विजेता बनी।
विजेता दल में मयंक रावल, अंकिता रावल, श्रद्धा मालवीय शामिल रहे। इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग इकबाल आदिल हुसैन, जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. कानुड़े, शाला परिवार, मार्गदर्शी शिक्षक राजकुमार शर्मा एवं क्विज मास्टर अमित शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।










