"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जल जीवन मिशन : नवगठित सक्ती जिले में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की दिशा में मील का पत्थर

एक लाख 37 हजार से अधिक परिवारों तक पहुंचा घरेलू नल कनेक्शन

KPN24:- नवगठित सक्ती जिला, जो 09 सितम्बर 2022 को जांजगीर-चांपा जिले से विभाजित होकर छत्तीसगढ़ राज्य का 33वां जिला बना, गठन के बाद से ही विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। जिले में जल जीवन मिशन को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता को योजना के बेहतर संचालन एवं ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी का परिणाम है कि नवगठित सक्ती जिले में जल जीवन मिशन स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत जिले में अब तक 1,37,139 ग्रामीण परिवारों तक घरेलू नल कनेक्शन पहुंचाया जा चुका है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणजन लाभान्वित हो रहे हैं। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन की जल जीवन मिशन योजना का क्रियान्वयन जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जा रहा है।

456 ग्रामों के लिए 565 योजनाएं स्वीकृत

सक्ती जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत कुल 456 ग्रामों के लिए 565 नल-जल योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनकी कुल लागत 60,172.72 लाख रुपये है। इन योजनाओं के माध्यम से जिले के 1,56,245 ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला गठन से पूर्व जहां केवल 58,491 परिवारों को ही नल कनेक्शन प्राप्त था, वहीं वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 1,37,139 परिवारों तक पहुंच गई है, जो योजना के सघन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।

चारों विकासखंडों में तेजी से कार्य

जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के चारों विकासखंडों—सक्ती, जैजैपुर, डभरा एवं मालखरौदा—में नल-जल योजनाओं का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

सक्ती विकासखंड: 36,087 में से 34,176 परिवारों को नल कनेक्शन

जैजैपुर विकासखंड: 43,448 में से 35,400 परिवार लाभान्वित

डभरा विकासखंड: 40,278 में से 33,338 परिवारों को कनेक्शन

मालखरौदा विकासखंड: 36,432 में से 34,225 परिवारों तक पेयजल पहुंचा

ये आंकड़े जिला प्रशासन एवं पीएचई विभाग की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

हर घर जल प्रमाणन में उल्लेखनीय उपलब्धि

जिला गठन के समय सक्ती जिले में मात्र 3 ग्राम ही हर घर जल प्रमाणीकृत थे, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 181 ग्रामों तक पहुंच गई है। यह सफलता जनभागीदारी, प्रशासनिक सतर्कता एवं निरंतर मॉनिटरिंग का परिणाम है।

योजनाओं की पूर्णता की ओर

जिले में स्वीकृत 565 योजनाओं में से अब तक 221 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन की अवधि वर्ष 2028 तक विस्तारित किए जाने के बाद शेष योजनाओं को चरणबद्ध रूप से पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है।

जल जीवन मिशन के माध्यम से सक्ती जिले ने स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जिला प्रशासन, विभागीय समन्वय एवं ग्राम पंचायतों की सहभागिता से आज सक्ती जिला हर घर जल की दिशा में सशक्त पहचान बना रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More