
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना चांपा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन कर बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 160 पाव देशी शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा पूर्व में सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब बिक्री व परिवहन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं SDOP चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में थाना चांपा की एक टीम गठित कर कार्रवाई हेतु रवाना की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम दारंग में दबिश देकर अवैध रूप से शराब बिक्री हेतु परिवहन कर रहे आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 160 पाव देशी मदिरा प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,000 बताई गई है, जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगाधर बरेठ, पिता राजकुमार बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम दारंग, थाना चांपा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी, चांपा), सहायक उपनिरीक्षक खांडेकर, प्रधान आरक्षक वेंकट रमन पाटले, आरक्षक शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया एवं गौरी शंकर रॉय का सराहनीय योगदान रहा।










