"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

किसान स्कूल में 23 दिसंबर को होगा राज्य स्तरीय ‘किसान महोत्सव’

प्रदेश के 9 प्रगतिशील किसान, 9 पत्रकार एवं पुरानी विलुप्त सामग्री सहेजने वाले 9 लोग होंगे सम्मानित

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल में 23 दिसंबर को राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय ‘किसान महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रदेश के 9 प्रगतिशील किसानों, 9 पत्रकारों तथा किसान स्कूल के संग्रहालय हेतु पुरानी एवं विलुप्त सामग्री सहेजने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 9 व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

किसान स्कूल बहेराडीह के संचालक दीनदयाल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान स्कूल की स्थापना 23 दिसंबर 2021 को की गई थी, वहीं देश के पहले किसान स्कूल का नामकरण 23 दिसंबर 2023 को राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल के रूप में किया गया। प्रतिवर्ष 23 दिसंबर को यहां राष्ट्रीय किसान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि किसान स्कूल परिवार द्वारा वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में प्रतिवर्ष कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाता है। इसके साथ ही किसान स्कूल द्वारा पुरानी विलुप्त वस्तुओं के संरक्षण हेतु ‘पुरखा के सुरता अभियान’ संचालित किया जा रहा है, जिसमें सक्रिय सहभागिता निभाने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में प्रदेश के 9 पत्रकारों का भी सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता, कवि, साहित्यकार, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी आमंत्रित रहेंगे। राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर किसान अपनी पुरानी एवं विलुप्त सामग्री को किसान स्कूल द्वारा विकसित संग्रहालय में अपने नाम से जमा भी करते हैं।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल, बहेराडीह में किसानों को 18 विषयों में निःशुल्क प्रशिक्षण एवं जानकारी प्रदान की जाती है। अपने अनूठे प्रयोगों और नवाचारों के चलते यह किसान स्कूल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश-दुनिया में भी विशेष पहचान बना चुका है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More