"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कोटमीसोनार क्षेत्र में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के कोटमीसोनार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर आम नागरिकों को भयाक्रांत करने वाले आरोपी को अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकालकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था का संदेश दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोटमीसोनार रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति अपने हाथ में लोहे का चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार प्रभारी ASI राजेंद्र सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर भी आरोपी चाकू लहराता रहा, जिसे घेराबंदी कर काबू में लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियांशु यादव उर्फ युडी, निवासी आजाद चौक अकलतरा, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास एवं चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए उसके विरुद्ध हिस्ट्रीशीट तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा, पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार प्रभारी ASI राजेंद्र सिंह क्षत्रिय एवं पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More