"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

5 दिन में आगजनी की दूसरी घटना, गरीब किसान की मेहनत जलकर खाक

मनीष विद्यार्थी खरगोन
KPN24:- खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा में मंगलवार शाम एक बार फिर आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात कारणों से खेत में रखे तुवर के ढेर में आग लग गई, जिससे एक गरीब किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी तुवर जलकर नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुरा निवासी मगन और छगन, दोनों भाइयों ने अपनी उपज तुवर को खेत में ढेर लगाकर सूखने के लिए रखा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में करीब 6 से 7 क्विंटल तुवर पूरी तरह जल गई, वहीं दो ट्रॉली कड़बी (पशु चारा) भी आग की भेंट चढ़ गई।
आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत खरगोन से फायर ब्रिगेड वाहन को सूचना दी। फायर फाइटर टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची।
भगवानपुरा थाना पुलिस से एएसआई नरेश प्यासे एवं आरक्षक प्रकाश सोलंकी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी से हजारों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मौके का उचित सर्वे कराकर मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
हाल ही में हो चुकी है आगजनी की बड़ी घटना
गौरतलब है कि इससे महज 5 दिन पूर्व, 19 दिसंबर शुक्रवार शाम को गोपालपुरा पंचायत के वडिया गांव में भी अज्ञात कारणों से आगजनी की घटना हुई थी। उस हादसे में विजय, सूरसिंह और कमल के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए थे, जिससे लगभग 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
विधायक ने किया था मुआयना
उक्त घटना के बाद 2 दिन पहले विधायक केदार डावर ने ग्राम वडिया पहुंचकर आगजनी पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी और शासन स्तर से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया था।
लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आग के कारणों की गहन जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More