"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कल्याण आश्रम का जनजातीय समाज सेवा एवं संरक्षण में अमूल्य योगदान : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम जनजातीय समाज की सेवा, संरक्षण और उत्थान की दिशा में निरंतर एवं अमूल्य योगदान दे रहा है। आश्रम का उद्देश्य केवल सेवा कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजातीय समाज की धर्म, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करते हुए उनके सर्वांगीण विकास को गति देना भी है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज जशपुर जिले के ग्राम दोकड़ा में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कुल 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में—
95 लाख रुपये की लागत से दोकड़ा में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के चिकित्सालय भवन का निर्माण
10-10 लाख रुपये की लागत से दो आरसीसी पुलिया
20-20 लाख रुपये की लागत से दो सामुदायिक भवन
20 लाख रुपये की लागत से स्वागत द्वार निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि दोकड़ा में वनवासी कल्याण आश्रम की शुरुआत वर्ष 1986 में एक छोटे अस्पताल प्रकल्प के रूप में हुई थी। आश्रम से जुड़े सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से क्षेत्र के लोगों की सेवा की और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया। उन्होंने कहा कि आज भूमिपूजन किए गए आधुनिक एवं सुसज्जित अस्पताल भवन के निर्माण से अंचल के जनजातीय समाज को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए बताया कि फरसाबहार में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा। साथ ही नर्सिंग कॉलेज एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बगिया सिंचाई योजना प्रारंभ की जा रही है, जिससे 14 ग्रामों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के लिए 2800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम को विधायक श्रीमती गोमती साय एवं अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भी संबोधित किया। उन्होंने चिकित्सालय भवन के लिए 95 लाख रुपये की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More