
12 घंटे के भीतर चांपा पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा, घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे की मांग को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से गले पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम ओम प्रकाश यादव, पिता रामचरण यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बहेराडीह, स्कूलपारा है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी मंगलुराम यादव, निवासी बहेराडीह ने दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम करीब 4:30 बजे घर से तेली तालाब की ओर दिशा मैदान के लिए गया था। लौटते समय पड़ोस में रहने वाला ओम प्रकाश यादव मिला, जो अपनी गाय की तलाश में निकला था।
आरोपी ने प्रार्थी से शराब पीने के लिए कहा। मना करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए शराब पीने अथवा उसके लिए पैसे देने की मांग की। इसी बात को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी के गले पर हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में तत्काल हत्या के प्रयास का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में थाना चांपा की पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, किंतु कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चाकू से जानलेवा हमला करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह,
आरक्षक शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया, भूपेंद्र गोस्वामी एवं गौरी शंकर रॉय का विशेष योगदान रहा।










