"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ओवरस्पीडिंग बनी हादसे की वजह, पुलिस अधिकारियों ने पेश की मानवता की मिसाल

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई, जब राहौद बस्ती मेन रोड पर तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में दो मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना आज दोपहर लगभग 3.45 बजे ओवरस्पीडिंग के कारण हुई।
संयोग से उसी समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार घटनास्थल से गुजर रहे थे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने बिना विलंब किए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया और तत्काल राहत कार्य में जुट गए।
अधिकारियों ने एसडीओपी शिवरीनारायण के शासकीय वाहन की सहायता से स्थानीय नागरिकों के सहयोग से दोनों घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ भिजवाया, जिससे समय रहते उन्हें चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
इस दौरान मौके पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कश्यप ने कहा कि वर्तमान में सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें तथा तेज गति से वाहन चलाने से बचें।
उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल चालक, बल्कि उसके परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति का कारण बन सकती है।
यह घटना जहां एक ओर लापरवाही के दुष्परिणामों को दर्शाती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। KPN24.com सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित जीवन अपनाने की अपील करता है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More