
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने मेला समिति, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में आगामी माघी पुन्नी मेला शिवरीनारायण के सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल आयोजन को लेकर नगर पंचायत शिवरीनारायण के सभाकक्ष में कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से जनप्रतिनिधियों, मेला महोत्सव समिति तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर एवं एसपी ने मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट किनारे स्नान व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, अनाउंसमेंट सिस्टम, रूट चार्ट, साफ-सफाई, शौचालय एवं पार्किंग व्यवस्था को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला ग्राउंड, मेला महोत्सव स्थल, चौपाटी, बाईपास रोड, नदी तट एवं पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश मौके पर ही दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं समन्वित रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने एसडीआरएफ एवं बचाव दल को सतत सतर्क एवं तैनात रखने, आपात स्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने तथा नौकाचालन के दौरान लाइफ जैकेट अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था करने और मेला अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया।
उन्होंने मंदिर परिसर, मेला स्थल एवं चौपाटी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक श्री पांडेय ने मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल एवं विशेष वालंटियर्स की तैनाती, यातायात नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एसडीएम सुब्रत प्रधान, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, मेला महोत्सव समिति के सदस्य, व्यापारीगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










