
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा नगर में आयोजित ग्यारह दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के अंतर्गत आज आठवें दिन का कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव के साथ आयोजन हो रहा है।
इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलौदा में अध्ययनरत लगभग 750 कन्याओं का विधिवत कन्या पूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा सभी कन्याओं के चरण पखारकर, तिलक व पुष्प अर्पित कर उनका पूजन किया गया। इसके पश्चात समस्त कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया तथा प्रत्येक छात्रा को उपहार स्वरूप 20-20 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक दायित्व का भी सुंदर संदेश दिया।
श्रीराम कथा के आयोजक माया माधव शराफ ने इस अवसर पर कहा कि कन्याओं में देवी का स्वरूप निवास करता है और उनका सम्मान ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने बताया कि श्रीराम कथा का उद्देश्य केवल धार्मिक प्रवचन नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, सेवा और मानवीय मूल्यों को स्थापित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, कथा समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
उल्लेखनीय है कि बलौदा में चल रही श्रीराम कथा को लेकर नगर व आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।










