
मनीष विद्यार्थी खरगोन |
KPN24:- खरगोन नगर पालिका परिषद द्वारा जननायक क्रांतिकारी टंट्या मामा की प्रतिमा स्थापना में हुए कथित भारी भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में आधी-अधूरी कार्रवाई करते हुए केवल दो इंजीनियरों को नोटिस जारी कर और संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट कर बड़े जिम्मेदारों को बचाने का प्रयास किया गया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में नगर पालिका अध्यक्ष एवं सीएमओ की भूमिका भी संदेहास्पद है। हैरानी की बात यह है कि जिस नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार हुआ, उसी परिषद की सीएमओ को जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया गया, जिससे निष्पक्ष जांच की संभावना पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। आरोप है कि इसके बाद पूरे मामले में लीपापोती कर दी गई।
इन्हीं मुद्दों के विरोध में, साथ ही वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर मां अहिल्या देवी की प्रतिमा तोड़े जाने तथा इंदौर में दूषित पानी पीने से हो रही मौतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा 17 जनवरी 2026, शनिवार को दोपहर 12 बजे धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन बिष्टान रोड स्थित टंट्या मामा की प्रतिमा के समक्ष आयोजित होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी खरगोन के प्रवक्ता राजेश मंडलोई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा शासित नगर पालिका परिषद महापुरुषों को भी भ्रष्टाचार से नहीं बख्श रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि आदिवासी समाज और जननायक टंट्या मामा के सम्मान का अपमान भी है।
राजेश मंडलोई ने कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, टंट्या मामा को मानने वाले अनुयायियों एवं आम नागरिकों से धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।










