"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में बड़ी कार्रवाई:- अनियमितता पर 38 कर्मचारियों पर गिरी गाज

31 कर्मचारी निलंबित, 3 पर एफआईआर, एक की सेवा समाप्त, दो सेवा से पृथक

KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। धान उपार्जन से जुड़े समिति प्रबंधकों एवं कर्मचारियों सहित कुल 38 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
इनमें 31 कर्मचारियों को निलंबित, 3 के विरुद्ध एफआईआर दर्ज, एक की सेवा समाप्त, दो को सेवा से पृथक तथा एक को कार्य से पृथक किया गया है। यह कार्रवाई प्रदेश के 12 जिलों—दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद एवं बलौदाबाजार-भाटापारा—में की गई है।
निरीक्षण में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
खाद्य विभाग के अनुसार निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के दौरान—
स्कंध में कमी के 5 मामले
स्कंध अधिक व अव्यवस्थित स्टेकिंग के 3 मामले
नीति व निर्देशों के उल्लंघन के 4 मामले
अमानक धान खरीदी के 5 मामले
धान खरीदी में अनियमितता के 11 मामले
अवकाश के दिन खरीदी के 3 मामले
फर्जी खरीदी, टोकन अनियमितता, बिना आवक पर्ची, अवैध वसूली, अव्यवस्था के एक-एक मामले
बारदाना वितरण में अनियमितता के 2 मामले
सामने आए, जिन पर कड़ी कार्रवाई की गई।
जिलावार प्रमुख कार्रवाई
दुर्ग जिले में स्कंध गड़बड़ी पाए जाने पर झीट, गोढ़ी, खिलोराकला, कन्हारपुर, ठेंगाभाट एवं मुरमुंदा उपार्जन केन्द्रों के समिति प्रबंधक/प्रभारियों को निलंबित किया गया। सेलूद केन्द्र में नीति के उल्लंघन पर सहायक प्रबंधक व भृत्य निलंबित हुए।
बेमेतरा जिले में अमानक धान खरीदी के मामलों में बोरतरा एवं गाड़ाडी केन्द्रों के प्रभारी, फड़ प्रभारी निलंबित किए गए। मऊ केन्द्र में फर्जी खरीदी के मामले में सहायक प्रबंधक को निलंबित कर एफआईआर दर्ज की गई।
कबीरधाम जिले में कुकदूर केन्द्र के समिति प्रबंधक पर स्कंध कमी पाए जाने पर निलंबन के साथ एफआईआर तथा चपोरा केन्द्र में बारदाना अनियमितता पर प्रभारी निलंबित किया गया।
बिलासपुर जिले में पीपरतराई केन्द्र पर खराब धान खरीदी के मामले में निलंबन तथा एरमसाही केन्द्र में 920 बोरों की कमी पर एफआईआर दर्ज की गई।
जांजगीर-चांपा जिले में अवकाश के दिन खरीदी और टोकन अनियमितता पर भृत्य, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं चौकीदार सहित कर्मचारियों को निलंबित किया गया।
रायगढ़ जिले में धान खरीदी अनियमितता पर चार सहायक समिति प्रबंधकों को निलंबित किया गया।
सक्ती जिले में बिना आवक पर्ची धान खरीदी पर कांसा केन्द्र प्रभारी को सेवा से पृथक किया गया।
जगदलपुर जिले में कोलचूर एवं रेटावण्ड केन्द्रों के प्रभारी समिति प्रबंधक अनियमितता के चलते निलंबित हुए।
रायपुर जिले में किसानों से अवैध वसूली के मामले में नरदहरा केन्द्र के लिपिक-ऑपरेटर की सेवा समाप्त कर दी गई।
गरियाबंद जिले में लापरवाही व अनियमितता पर दो कर्मचारियों को निलंबित तथा एक को कार्य से पृथक किया गया।
महासमुंद जिले में पिरदा एवं सिंगबहाल केन्द्रों पर अनियमितता को लेकर दो एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि तोषगांव केन्द्र प्रभारी को निलंबित किया गया।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सकरी केन्द्र प्रभारी समिति प्रबंधक को निलंबित तथा बारदाना प्रभारी को सेवा से पृथक किया गया। करमदा केन्द्र में स्कंध कमी पर प्रभारी निलंबित किए गए।
सरकार का सख्त संदेश
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More