
यज्ञ स्थल मंच से 10वीं–12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
KPN24:- जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत जय मां डोकरी दाई घिवरा की पावन धरा पर यज्ञ समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राम नाम सप्ताह महायज्ञ का समापन श्रद्धा, भक्ति और सम्मान के भाव के साथ हुआ।
समापन अवसर पर सायंकालीन कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
वर्ष 2025 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले कुल 19 प्रतिभावान विद्यार्थियों को यज्ञ स्थल मंच से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में लाल बहादुर शास्त्री हाई स्कूल बम्हनीडीह के प्राचार्य सुखदेव प्रसाद तिवारी एवं जय बजरंग परिक्रमा कीर्तन मंडली घिवरा द्वारा संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को श्रीफल, स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच विनय कुमार कश्यप, जबकि विशिष्ट अतिथि उपसरपंच लक्ष्मी प्रसाद कश्यप, ओ.पी. कश्यप रहे। इसके अलावा आचार्य पं. रमेश शुक्ला, रामप्रसाद कश्यप, अमृत यादव, भूपेंद्र कश्यप, अखिलेश, डाकेश्वर, संजय, मनोज गुप्ता, शेखर कश्यप सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती शिशु मंदिर घिवरा के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मंच संचालन रामचंद्र तिवारी ने किया, वहीं कार्यक्रम के अंत में यज्ञ समिति द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
यह सम्मान समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना, बल्कि ग्राम स्तर पर शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह को भी नई दिशा देने वाला साबित हुआ।










