
KPN24.com कोरबा, 16 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में एचटीपीएस कोरबा पश्चिम की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में कोरबा पश्चिम ने बिलासपुर रीजन को 25–19 से हराकर 6 अंकों की शानदार जीत दर्ज की और पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा साबित किया।
हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंत में कोरबा पश्चिम की टीम ने बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षा के दम पर जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने विजेता टीम को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं बिलासपुर रीजन को उपविजेता घोषित किया गया। इस अवसर पर श्री सिंह ने खिलाड़ियों के शानदार खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी इसी जोश और समर्पण के साथ खेलते रहने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, आर.के. पांडे, के.एन.बी. राव, एस.के. नायर, एस.सी. पाठक तथा परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और अनुशासन को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। जीत की खुशी खिलाड़ियों के चेहरों पर साफ झलक रही थी।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए मनरूप कंवर को ऑलराउंडर तथा माखन लाल कश्यप को बेस्ट कैचर का पुरस्कार दिया गया। उल्लेखनीय है कि यह कबड्डी प्रतियोगिता 12 से 14 मार्च 2026 तक हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम के खेल मैदान में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मैच बिलासपुर रीजन और जगदलपुर रीजन के बीच तथा दूसरा मुकाबला कोरबा पश्चिम और रायपुर सेंट्रल के बीच खेला गया। कोरबा पश्चिम के क्षेत्रीय क्रीड़ा सचिव अविनेश पाठक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मुख्य अभियंता एच.के. सिंह एवं खेल समिति के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए 18 खिलाड़ियों का चयन
कबड्डी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें मनरूप कंवर, ईश्वर सिंह कंवर, राकेश बघेल, नरेंद्र दीवान, माखन लाल कश्यप, प्रवीण तिर्की, अनुज प्रताप सिंह, छगन चक्रधारी, राजेंद्र सिदार, विधाता पटेल, गुमान सिंह उर्वशा, प्रकाश सिंह कंवर, शैलेंद्र बट्टी, राम गुलाल दुग्गा, अरुण कंवर, सिरबल पुरामे, कृष्ण कुमार भैना और बिहारी लाल ध्रुव शामिल हैं।










