
KPN24.com रायपुर 16 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। इस संवेदनशील मामले को संज्ञान में लेते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर ने एहतियातन एफआईआर दर्ज कराकर पुलिस और साइबर सेल से विस्तृत जांच शुरू करा दी है।
मंडल से मिली जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा प्रदेशभर में शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई थी। इसके बाद 15 मार्च की शाम करीब 5 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर और 16 मार्च को विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि एक छात्र संगठन ने दावा किया है कि परीक्षा से एक दिन पहले यानी 13 मार्च को हिन्दी विषय से संबंधित प्रश्नों का एक हस्तलिखित पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मीडिया में प्रकाशित खबरों में यह भी दावा किया गया कि वायरल पर्चे में लिखे गए प्रश्न और परीक्षा में पूछे गए हिन्दी विषय के बी-सेट प्रश्नपत्र के कुछ सवालों में समानता दिखाई दे रही है। हालांकि, मंडल का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल और समाचार पत्रों में प्रकाशित पर्चा स्पष्ट एवं पूरी तरह पठनीय नहीं है, जिसके कारण उसकी सत्यता का प्रत्यक्ष रूप से परीक्षण कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव ने स्पष्ट किया कि संबंधित वीडियो और सामग्री परीक्षा संपन्न होने के बाद सामने आई है। ऐसे में प्रथम दृष्टया इसे प्रश्नपत्र लीक की घटना मानना उचित नहीं है। इसके बावजूद बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषय को देखते हुए मंडल ने मामले को गंभीरता से लिया है।
इसी के तहत एहतियातन संबंधित प्रकरण में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल को विस्तृत जांच सौंपी गई है, ताकि पूरे मामले की तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट हो सके।
मंडल सचिव ने यह भी कहा कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या दोष सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










