
KPN24.com रायपुर 16 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ ने सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वैश्विक मंच पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 10 फरवरी 2026 को आयोजित 6,370 जोड़ों के सामूहिक विवाह को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गई है।
प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना ने न केवल एक रिकॉर्ड बनाया है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत और सहारा भी साबित हो रही है। सामूहिक विवाह के इस भव्य आयोजन ने सामाजिक समरसता और जनकल्याण की नई मिसाल पेश की है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर कहा कि हमारी सनातन परंपरा में बेटी का विवाह केवल एक सामाजिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार और समाज के लिए अत्यंत पवित्र और भावनात्मक अवसर होता है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से प्रदेश की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और उनके नए दाम्पत्य जीवन की सुखद शुरुआत का साक्षी बनना उनके लिए आत्मीय संतोष का विषय है।
उन्होंने कहा कि यह योजना आज आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सच्चे सहारे के रूप में स्थापित हो चुकी है। इसके माध्यम से हजारों बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और विश्वास के साथ नए जीवन की शुरुआत करने का अवसर मिल रहा है।
प्रदेश सरकार का मानना है कि इस योजना से न केवल बेटियों के भविष्य को संबल मिल रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी जा रहा है कि बेटियों का सम्मान और उनका उज्ज्वल भविष्य राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










