
KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 मार्च 2026
जिले में विकास कार्यों की रफ्तार और जमीनी हकीकत का जायजा लेने निकले कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने चांपा क्षेत्र में सख्त तेवर दिखाए। हनुमान धारा और भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के निरीक्षण के दौरान लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को साफ शब्दों में चेतावनी दी—काम में ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं होगी।
हनुमान धारा की बदहाल स्थिति पर फूटा गुस्सा
निरीक्षण के दौरान हनुमान धारा में फैली गंदगी और अव्यवस्था देखकर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यहां नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और प्रस्तावित निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू कर तय समय में पूरा किया जाए।
पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में पहल
कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करते हुए चांपा क्षेत्र की पेयजल समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने कुदरी बैराज से जलापूर्ति की योजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए और इसे प्राथमिकता में शामिल करने को कहा।
रामबांधा तालाब के कायाकल्प के निर्देश
कलेक्टर ने रामबांधा तालाब की सफाई, जलकुंभी हटाने और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को मजबूत करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
हाथकरघा संस्थान में गुणवत्ता पर विशेष जोर
भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में काम में समझौता नहीं होना चाहिए।
इस दौरान नगर पालिका चांपा अध्यक्ष श्री प्रदीप नामदेव, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










