
KPN24.com रायपुर 19 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने “मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना” को ज़मीनी स्तर पर तेज़ी से लागू करते हुए राजधानी रायपुर में 14 स्थानों पर समाधान शिविर लगाने का ऐलान किया है।
इस अभियान की शुरुआत शंकर नगर जोन से हुई, जहां प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने शिविर का शुभारंभ किया और हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
क्या है इस योजना की खासियत?
यह योजना प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं के लिए राहत का दरवाज़ा खोल रही है। खास बात यह है कि—
पहली बार सक्रिय उपभोक्ताओं को भी बकाया बिल में छूट दी जा रही है
डीएलएफ, बीपीएल और कृषि श्रेणी के उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे
बकाया राशि के साथ-साथ अधिभार (सरचार्ज) में भी भारी छूट
कितनी मिलेगी छूट? जानिए पूरा गणित
सक्रिय उपभोक्ता:
5 साल से अधिक बकाया: मूल राशि में 75% छूट
1 से 5 साल तक बकाया: 50% छूट
दोनों ही मामलों में सरचार्ज पूरी तरह माफ
निष्क्रिय उपभोक्ता: बीपीएल श्रेणी: 75% छूट, घरेलू व कृषि: 50% छूट, सरचार्ज पूरी तरह माफ
रायपुर में कैसे होगा क्रियान्वयन?
रायपुर शहर के ईस्ट, वेस्ट, साउथ और सेंट्रल—चार जोनों में कुल 14 शिविर लगाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को “ऑन स्पॉट” समाधान मिल सके।
अधीक्षण अभियंता महावीर विश्वकर्मा के मुताबिक, पहले चलाए गए वसूली अभियान से अधिकांश उपभोक्ताओं ने भुगतान कर दिया है, अब बचे हुए उपभोक्ताओं को इस योजना के जरिए राहत देकर शहर को बकाया मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
ऐसे उठाएं योजना का फायदा
मोर बिजली ऐप, CSPDCL की वेबसाइट, या नजदीकी बिजली कार्यालय/शिविर में पंजीयन
उपभोक्ता एकमुश्त या किश्तों में भुगतान कर सकते हैं।
योजना 30 जून तक प्रभावी रहेगी।
सरकार की मंशा साफ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई यह योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास भी मजबूत कर रही है।










