
KPN24.com जांजगीर–चांपा 05 अप्रैल 2026
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन सक्ती और थाना बिर्रा की संयुक्त टीम ने महानदी के करही घाट पर दबिश देकर रेत माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रेत भंडारण और परिवहन में संलिप्त 5 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिससे रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम करही, तहसील हसौद (जिला सक्ती) के अंतर्गत महानदी घाट पर बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन कर सीमावर्ती क्षेत्रों—सक्ति तथा जांजगीर-चांपा जिले में लगातार परिवहन किए जाने की शिकायत मिल रही थी। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अवैध रेत परिवहन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में गठित अंतरजिला प्रशासनिक और पुलिस टीम ने 4 अप्रैल 2026 की रात करही महानदी घाट पर छापामार कार्रवाई की। मौके पर अवैध रूप से रेत का भंडारण और परिवहन करते पाए गए 5 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम,
तहसीलदार हसौद श्रीमती गरिमा मनहर अनंत,
थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जय कुमार साहू,
उप निरीक्षक नरेन्द्र शुक्ला,
प्रधान आरक्षक गौतम गोविन्द पाण्डेय,
आरक्षक रघुवीर यादव और यू.के. कश्यप सहित राजस्व एवं पुलिस अमले का विशेष योगदान रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










