
KPN24.com जांजगीर-चांपा 05 अप्रैल 2026
जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल स्थित वेदान्त सर्विस सीएचसी सेंटर में देर रात डेटोनेटर फटने से बड़ा नुकसान हो गया। विस्फोट की इस घटना में कम्प्यूटर सामग्री, कुर्सी, टेबल, प्रिंटर तथा अन्य जरूरी सामान क्षतिग्रस्त हो गए। मामले में थाना मुलमुला पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (1), 324 (4) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 3 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना से जुड़े संदेहियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी भुपेन्द्र कुमार साहू (37 वर्ष) पिता स्वर्गीय पुनऊ राम साहू, मूल निवासी धरदेई थाना शिवरीनारायण तथा वर्तमान में ग्राम बनाहिल थाना मुलमुला में किराये के मकान में निवास करते हैं। वे स्टेट बैंक के पास रघुवीर चाल में “वेदान्त सर्विस” के नाम से सीएससी सेंटर संचालित करते हैं।
बताया गया कि बीती रात लगभग 11:45 बजे भुपेन्द्र कुमार साहू को अपनी दुकान का शटर खुलने-बंद होने जैसी आवाज सुनाई दी। जब वे कमरे से बाहर निकलकर दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर धुआं भरा हुआ था और कोई रस्सी जैसी वस्तु जलती हुई दिखाई दे रही थी।
संदेह होने पर जब उन्होंने उसे उठाकर देखा तो वह ब्लास्ट करने वाला डेटोनेटर निकला, जिसमें चार डेटोनेटर आपस में गुथे हुए थे। घबराकर उन्होंने उसे तुरंत दुकान के बाहर फेंक दिया। बाहर गिरते ही उसमें जोरदार विस्फोट हो गया।
इस विस्फोट के कारण दुकान में रखा कम्प्यूटर, सीपीयू, कुर्सी, रैक, प्रिंटर सहित अन्य सामग्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विस्फोट के दौरान प्रार्थी के बाएं पैर में भी चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस तथा फोरेंसिक विभाग के वैज्ञानिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अब इस मामले में संदेहियों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।










