
KPN24.com रायपुर/पश्चिम बंगाल 05 अप्रैल 2026
पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब और हर वर्ग का अपार समर्थन यह संकेत दे रहा है कि इस बार बंगाल की धरती पर कमल खिलने की पूरी संभावना बनती दिख रही है। जनसमर्थन के इस अभूतपूर्व उत्साह ने प्रदेश की राजनीति में परिवर्तन की मजबूत आहट पैदा कर दी है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर रहे, जहां उन्होंने नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम और बिनपुर विधानसभा क्षेत्रों के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
नामांकन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल और जनसमर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनता का यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस की सरकार से मुक्ति पाकर इस बार पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है।
मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने और विकास की नई दिशा देने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।










