
KPN24.com सक्ती 19 मई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार प्रदेशभर में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के तहत आम जनता तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में 20 मई 2026 को जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल ओड़ेकेरा में विशाल समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस समाधान शिविर में ओड़ेकेरा, कुटराबोड़, गाड़ामोर, जमड़ी, देवरघटा, पिसौद, बरदूली, मुक्ता, हरेठीकला, हरेठीखुर्द, भातमाहूल, रीवाडीह, सेंदरी, हरदीडीह, आमाकोनी, चोरभट्ठी, जर्वे, बहेराडीह, बोईरडीह एवं परसाडीह ग्राम पंचायत क्लस्टर शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु सहायक संचालक उद्यान, जिला सक्ती को शिविर स्थल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।










