"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धरसीवां ने रचा नया कीर्तिमान: रायपुर का चौथा सबसे बड़ा 220 केवी सबस्टेशन बना कुथरेल उपकेंद्र

160 एमवीए का नया पावर ट्रांसफॉर्मर हुआ ऊर्जीकृत, उपकेंद्र की क्षमता बढ़कर पहुंची 480 एमवीए

KPN24.com रायपुर 08 जून 2026

छत्तीसगढ़ की विद्युत अधोसंरचना को नई मजबूती देते हुए धरसीवां स्थित 220/132 केवी कुथरेल उपकेंद्र अब रायपुर का चौथा सबसे बड़ा 220 केवी सबस्टेशन बन गया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा यहां 160 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफॉर्मर का सफल ऊर्जीकरण किया गया, जिससे उपकेंद्र की कुल क्षमता बढ़कर 480 एमवीए हो गई है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ कुथरेल उपकेंद्र अब उरला,सिलतरा और बोरझरा के 480-480 एमवीए क्षमता वाले प्रमुख 220 केवी उपकेंद्रों की श्रेणी में शामिल हो गया है। यह विस्तार रायपुर एवं आसपास के औद्योगिक, वाणिज्यिक तथा शहरी क्षेत्रों के लिए निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने सोमवार को उपकेंद्र में स्थापित नए 160 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर का कंट्रोल पैनल के माध्यम से सफलतापूर्वक ऊर्जीकरण किया। इसके साथ ही क्षेत्र की विद्युत वहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, क्षमता वृद्धि से न केवल वर्तमान विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, बल्कि भविष्य में बढ़ती विद्युत मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा। गर्मी के मौसम में बढ़ने वाले लोड के दौरान उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय और स्थिर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता ई. अब्राहम वर्गीज, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर. के. तिवारी, कार्यपालन अभियंता (उपकेंद्र) जितेंद्र कुमार झा, कार्यपालन अभियंता (परीक्षण संभाग) कमंजय सिन्हा सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु
🔹 धरसीवां का कुथरेल उपकेंद्र बना रायपुर का चौथा बड़ा 220 केवी सबस्टेशन।
🔹 160 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफॉर्मर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत।
🔹 उपकेंद्र की कुल क्षमता बढ़कर हुई 480 एमवीए।
🔹 उद्योग, व्यापार और घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा बेहतर विद्युत लाभ।
🔹 भविष्य की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मिलेगी मजबूती।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More