"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सफर पड़ा भारी: 96 वाहन चालकों पर कार्रवाई, यातायात पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी

KPN24.com जांजगीर-चांपा 16 जून 2026

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर छोटे-बड़े सभी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। वहीं विशेष चेकिंग अभियान चलाकर एक ही दिन में 96 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन रहा निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग
बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहा भारतमाला मार्ग अभी निर्माणाधीन अवस्था में है। सड़क पर भारी मशीनरी, अधूरे निर्माण कार्य और असुरक्षित परिस्थितियों के बावजूद वाहन चालक लगातार इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इसी खतरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने परियोजना निदेशक, भारतमाला परियोजना को पत्र भेजकर मार्ग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है।
विशेष अभियान में 96 वाहन चालक कार्रवाई के दायरे में
यातायात एवं बलौदा पुलिस की संयुक्त टीम ने भारतमाला मार्ग के विभिन्न हिस्सों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान निर्माणाधीन सड़क पर नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वाले 96 वाहन चालकों को चिन्हित किया गया और उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कई मामलों में वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है।
पुलिस की दो टूक अपील – जान है तो जहान है
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि भारतमाला मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण होने तक इस मार्ग का उपयोग न करें। थोड़ी सी जल्दबाजी या सुविधा की चाह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने सुरक्षित एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More