"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

दर्दनाक! हटरी बाजार चांपा में प्लास्टिक बना गौवंश की मौत का कारण

कचरे में फेंकी गई पन्नियां निगल रहे मवेशी, एक और बेजुबान की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप, नपा प्रशासन पर उठे सवाल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 26 जून 2026

चांपा के हटरी बाजार में लापरवाही और अव्यवस्थित कचरा प्रबंधन अब बेजुबान गौवंश की जान पर भारी पड़ रहा है। सब्जी मंडी में खुलेआम फेंकी जा रही प्लास्टिक की पन्नियां और सड़ा-गला कचरा खाने से एक बैल की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार बाजार परिसर में प्रतिदिन कई गौवंश कचरे के ढेर से भोजन तलाशते हैं। कच्ची सब्जियों के साथ प्लास्टिक की पन्नियां निगलने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ जाती है और कई बार उनकी मौत तक हो जाती है। शुक्रवार को भी ऐसा ही दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जब अत्यधिक कचरा खाने से एक बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया गया कि घटना के बाद भी काफी देर तक मृत पशु का शव वहीं पड़ा रहा। स्थानीय नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इसके बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और शव को हटाया गया।
हटरी बाजार बना गंदगी का अड्डा
स्थानीय लोगों का कहना है कि हटरी बाजार में जगह-जगह कचरे के ढेर, कीचड़ और प्लास्टिक फैली रहती है। सब्जी एवं फल विक्रेताओं के पास खुले में फेंका गया कचरा सीधे गौवंश के लिए मौत का जाल बन चुका है। भूखे पशु प्लास्टिक सहित सड़ी-गली सब्जियां खा लेते हैं, जिससे उनकी आंतों में गंभीर संक्रमण और दर्दनाक मौत हो रही है।
सिर्फ वीडियो नहीं, समाधान चाहिए”
मारवाड़ी युवा मंच की सक्रिय सदस्य श्रीमती नेहा अग्रवाल ने कहा कि आए दिन गौवंश की मौत हो रही है। केवल वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक करना होगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है।
नपा प्रशासन से प्रमुख मांगें
प्लास्टिक में कचरा फेंकने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
हटरी बाजार में पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था की जाए।
गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई हो।
आवारा गौवंश को गौशालाओं या सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए।
बाजार क्षेत्र में नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
KPN24.com अपील
एक छोटी-सी लापरवाही किसी बेजुबान की जान ले सकती है। आइए, प्लास्टिक का उपयोग कम करें, कचरा डस्टबिन में डालें और स्वच्छ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More