
मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश
KPN24.com खरगोन 26 जून 2026
बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खरगोन पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को बड़वाह के विद्यालयों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों से अवगत कराना तथा उनसे बचाव के प्रति जागरूक और सतर्क बनाना है। पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिट्टू सहगल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, हाट-बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएँ, एपीके (APK) फाइल के माध्यम से व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी कैशबैक एवं रिफंड ऑफर, फेक कॉल, नकली सोशल मीडिया प्रोफाइल, जॉब स्कैम, मैट्रिमोनियल वेबसाइट धोखाधड़ी, बैंकिंग एवं पेंशन से जुड़े साइबर फ्रॉड जैसे मामलों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों को मजबूत पासवर्ड रखने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध ई-मेल एवं संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
खरगोन पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत कर सकता है।
खरगोन पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता, सतर्कता और सही जानकारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने परिवार और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।










