
सेवानिवृत्त लेखाधिकारी संतोष कुमार साहू और दफ्तरी रामबाई टंडन को स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर दी गई शुभकामनाएं
KPN24.com कोरबा 1 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले दो कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। जुलाई माह में सेवानिवृत्त हुए लेखाधिकारी संतोष कुमार साहू और दफ्तरी रामबाई टंडन को पावर कंपनी परिवार की ओर से सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
श्रम कल्याण केंद्र (जूनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के दीर्घ सेवाकाल की सराहना करते हुए पावर कंपनी के प्रति उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और वर्षों की मेहनत संस्थान की मजबूत कार्यसंस्कृति की पहचान है।
समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके पांडे, पीके जोशी, केएनबी राव, एसके नायर, एससी पाठक तथा परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्ष एवं अतिथियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न और सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखमय और आनंदपूर्ण भावी जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने 31 से 35 वर्षों के दीर्घ सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पावर कंपनी में बिताए कार्यकाल की यादों को भावुकता के साथ उपस्थितजनों के बीच रखा।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया। उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल एवं जीवन परिचय से उपस्थितजनों को अवगत कराया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे। विदाई समारोह का माहौल आत्मीयता और भावनाओं से भरा रहा।










