
घायलों को भी मिलेगी 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद, दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है राज्य सरकार
KPN24.com कोंडागांव, 20 अगस्त 2026
उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से हुए दर्दनाक हादसे ने छत्तीसगढ़ को भी गहरे शोक में डुबो दिया है। इस हादसे में कोंडागांव जिले के चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं। हादसे की खबर सामने आते ही मृतकों के गांवों में मातम पसरा है और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतकों में ग्राम धनसुली के दो, मदनार का एक और दहीकोंगा का एक श्रमिक शामिल है। हादसे के बाद दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिवार को 5-5 लाख रुपये तथा हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
चार घरों में छाया मातम
चमोली की सुरंग में हुए हादसे ने कोंडागांव के चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर गए श्रमिकों की मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने दिवंगत श्रमिकों को अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस असीम पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायल श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
चार जिंदगियां चली गईं, दो परिवार अभी भी हादसे के दर्द से जूझ रहे हैं—ऐसे कठिन समय में राज्य सरकार की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवारों के लिए एक संबल बनने की कोशिश है।










