"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मड़वा से सीधे रोशन होगी राजधानी रायपुर, बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मिली बड़ी मजबूती

KPN24.com रायपुर 21 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत, स्थिर और भरोसेमंद बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब जांजगीर-चांपा जिले के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, मड़वा से राजधानी रायपुर को सीधे विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी।

इसके लिए 400 के.वी. रायता उपकेंद्र से दलदलसिवनी स्थित निर्माणाधीन 220 के.वी. उपकेंद्र तक लगभग 27 किलोमीटर लंबी 220 के.वी. अति उच्च दाब दोहरी परिपथ विद्युत लाइन को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।
रायपुर की करीब 40 प्रतिशत बिजली आपूर्ति मड़वा से संभव
करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस विद्युत लाइन के चालू होने के बाद रायपुर का विद्युत आपूर्ति तंत्र सीधे मड़वा ताप विद्युत गृह से जुड़ गया है। इसके माध्यम से राजधानी की लगभग 40 प्रतिशत विद्युत आवश्यकता की आपूर्ति मड़वा से सीधे की जा सकेगी।
राजधानी रायपुर में सामान्य दिनों में लगभग 500 से 700 मेगावाट तक बिजली की मांग रहती है। नई विद्युत लाइन इस मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे घरेलू एवं गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ उरला, सिलतरा और मेटल पार्क जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को भी अधिक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वहीं कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे राजधानी की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मड़वा की 1000 मेगावाट क्षमता से राजधानी को मिलेगा सहारा
अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, मड़वा में 500-500 मेगावाट क्षमता की दो ताप विद्युत उत्पादन इकाइयां संचालित हैं। नई ट्रांसमिशन लाइन के माध्यम से इन इकाइयों से उत्पादित बिजली को राजधानी के विद्युत तंत्र तक सीधे पहुंचाने का रास्ता मजबूत हुआ है।
दलदलसिवनी उपकेंद्र से 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ
दलदलसिवनी के पूर्वी हिस्से में 2×160 एम.वी.ए. क्षमता के 220/132/33 के.वी. उपकेंद्र का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके शीघ्र चालू होने के बाद राजधानी रायपुर की उच्च दाब विद्युत अधोसंरचना और अधिक मजबूत होगी। इससे 50 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।
15 से अधिक क्षेत्रों से होकर गुजरी नई विद्युत लाइन
रायता से दलदलसिवनी तक बिछाई गई यह महत्वपूर्ण विद्युत लाइन कुशल, सिलियारी, पथरी, टोर, बरबंदा, नेवरा, मटिया, दोंदेखुर्द, सेमरिया, गिरहोली, मांढ़र, गिरौद, बरौदा, टेकरी तथा उरकुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरती है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कंप्यूटर पर क्लिक कर रायता उपकेंद्र से नई लाइन के सफल चार्जिंग कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कंपनी के अधिकारी संजय पटेल, प्रसन्ना गोस्वामी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. तिवारी, ईश्वर कंवर, अधीक्षण अभियंता वी.ए. देशमुख, कार्यपालन अभियंता यू.के. यादव, सुधांशु त्रिपाठी और सुचिंद्र उइके सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नई लाइन के साथ राजधानी की बिजली व्यवस्था को मिला नया बैकअप
मड़वा से रायपुर तक सीधे विद्युत संपर्क स्थापित होने से राजधानी की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को एक मजबूत वैकल्पिक आधार मिला है। आने वाले समय में दलदलसिवनी उपकेंद्र के पूर्ण रूप से शुरू होने के बाद यह व्यवस्था रायपुर की बढ़ती घरेलू और औद्योगिक बिजली मांग को पूरा करने में और अधिक महत्वपूर्ण साबित होगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More