"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बलौदा में लाखों की चोरी का बड़ा खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

घर में घुसकर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, खरीदार सोनार भी पुलिस के शिकंजे में

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 31 अगस्त 2026

बलौदा थाना क्षेत्र के सोनार मोहल्ले में घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चोरी का माल खरीदने वाले अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और उनके बताए स्थान से करीब 15.87 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात तथा 7 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सोते रहे घरवाले, बाहर से बंद कर दी कमरे की कुंडी
मामला बलौदा के वार्ड क्रमांक 07 निवासी नवीन सोनी के घर का है। बताया गया कि घटना की रात परिवार घर में सो रहा था। सुबह उठने पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में पहुंचे तो वहां आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई मिली। जांच करने पर आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले।
शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी, मुखबिर और साइबर सेल ने खोला चोरी का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और साइबर सेल की तकनीकी मदद ली। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने विधि से संघर्षरत बालकों के सहयोग से घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए जेवरात को संगीता जगत के सहयोग से अकलतरा के सोनार सुमित अग्रवाल को बेचने की बात भी सामने आई। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी का अधिकांश मसरूका बरामद कर लिया।
रानी हार से लेकर पायल और नकदी तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठियां, चांदी की पायल, सोने की धातु सहित 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मसरूका की कुल कीमत करीब 15.87 लाख रुपये बताई गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में—
आयुष आदित्य उर्फ आशु, उम्र 26 वर्ष, निवासी बलौदा
जीतु देवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी बलौदा
सुमित अग्रवाल, उम्र 41 वर्ष, निवासी अकलतरा — खरीदार सोनार
संगीता जगत, उम्र 36 वर्ष, निवासी बलौदा
को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा एवं साइबर थाना जांजगीर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More