"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर में सजेगा राज्योत्सव का भव्य मंच, विधायक धरमलाल कौशिक होंगे मुख्य अतिथि

2 नवंबर को शासकीय हाईस्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय आयोजन, कलेक्टर-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 31 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिलेगा। आगामी 2 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय हाईस्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राज्योत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश द्वार, विभागीय प्रदर्शनी, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस वर्ष की थीम
इस वर्ष राज्योत्सव-2026 की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की विशेष नजर
कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन का प्रयास है कि राज्योत्सव का आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित और आकर्षक हो, ताकि जिले के नागरिक छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों से रूबरू हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More